ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश के उच्चायुक्त तलब

ढाका में भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बांग्लादेश के भारत में उच्चायुक्त एम रियाज हामिदुल्लाह को तलब कर सुरक्षा हालात पर गहरी चिंता जताई है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब बांग्लादेश में भारत विरोधी बयानबाजी के चलते तनाव बढ़ा हुआ है। नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के नेता हसनत अब्दुल्ला ने हाल ही में एक सार्वजनिक भाषण में भारत के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने भारत के पूर्वोत्तर राज्यों की “सात बहनों” को अलग-थलग करने और बांग्लादेश में अस्थिरता की स्थिति में अलगाववादी समूहों को पनाह देने की चेतावनी दी थी। हसनत अब्दुल्ला भारत विरोधी रुख के लिए जाने जाते हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पहले बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया था। बांग्लादेश सरकार ने यह कदम पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कथित “उकसाने वाले” बयानों को लेकर उठाया था।
MEA ने अपने बयान में कहा, “बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह को आज विदेश मंत्रालय में बुलाया गया और बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा माहौल को लेकर भारत की गंभीर चिंताओं से अवगत कराया गया। खास तौर पर उन चरमपंथी तत्वों की गतिविधियों पर ध्यान दिलाया गया, जिन्होंने ढाका स्थित भारतीय मिशन के आसपास सुरक्षा संकट पैदा करने की घोषणा की है।”
मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत बांग्लादेश में हालिया घटनाओं को लेकर फैलाए जा रहे झूठे और भ्रामक नैरेटिव को पूरी तरह खारिज करता है। बयान में यह भी कहा गया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने अब तक न तो इन घटनाओं की गहन जांच की है और न ही भारत के साथ कोई ठोस सबूत साझा किए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव और बढ़ गया है।





