बेंगलुरु भगदड़ की रिपोर्ट आई सामने, RCB को ठहराया गया दोषी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की विक्ट्री परेड के दौरान मची भगदड़ मामले की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है. कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु में आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ को लेकर हाईकोर्ट को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है. इस रिपोर्ट में सरकार ने भगदड़ के लिए आरसीबी को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया है.
कर्नाटक सरकार ने उच्च न्यायालय को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजय परेड के लिए लोगों को “एकतरफा” और पुलिस से “बिना अनुमति के आमंत्रित किया था. आपको बता दें कि इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे.कर्नाटक उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद यह रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है. राज्य सरकार ने अदालत से रिपोर्ट को गोपनीय रखने का आग्रह किया था, लेकिन अदालत ने कहा कि इस गोपनीयता का कोई कानूनी आधार नहीं है.
कर्नाटक सरकार की रिपोर्ट में कहा गया है कि RCB ने तीन जून को अहमदाबाद में अपनी जीत के बाद सोशल मीडिया पर सुबह 7:01 बजे एक पोस्ट के जरिए मुफ्त प्रवेश और विक्ट्री परेड की घोषणा की. यह परेड विधान सौधा से शुरू होकर चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खत्म होनी थी. यह घोषणा बिना पुलिस की अनुमति के की गई थी. कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने तीन जून की शाम 6:30 बजे पुलिस से अनुमति मांगी थी, लेकिन अपेक्षित भीड़, व्यवस्था और संभावित जोखिमों की जानकारी न होने के कारण कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इसके बावजूद RCB ने अपने इवेंट को आगे बढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप भारी भीड़ जमा हुई और गेट नंबर 1, 2 और 21 पर भगदड़ मच गई.
सुबह 8 बजे एक और पोस्ट किया गया, जिसमें इस जानकारी को दोहराया गया. रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके बाद, 04.06.2025 को सुबह 8:55 बजे, RCB ने अपने आधिकारिक हैंडल @Rcbtweets on X पर RCB टीम के एक प्रमुख खिलाड़ी, विराट कोहली का एक वीडियो क्लिप शेयर किया. जिसमें उन्होंने बताया कि टीम इस जीत का जश्न 04.06.2025 को बेंगलुरु में बेंगलुरु शहर के लोगों और RCB प्रशंसकों के साथ मनाना चाहती है.
इसके बाद, आरसीबी ने 04.06.2024 को दोपहर 3:14 बजे एक और पोस्ट किया, जिसमें शाम 5:00 बजे से 6:00 बजे तक विधान सौध से चिन्नास्वामी स्टेडियम तक विजय परेड आयोजित करने की घोषणा की गई. इस विजय परेड के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह आयोजित किए जाएंगे. इस पोस्ट में पहली और एकमात्र बार उल्लेख किया गया था कि shop.royalchallengers.com पर मुफ़्त पास (सीमित प्रवेश) उपलब्ध थे, और अब तक पास वितरण के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. इसका अर्थ है कि आरसीबी की पिछली पोस्टों के आधार पर यह आयोजन सभी के लिए खुला था.





