Ayodhya Ram Temple: अयोध्या में रामभक्तों के लिए खुशखबरी, अब रात तक होंगे रामलला के दर्शन, बनेंगे 13 और नए मंदिर

नई दिल्ली: 500 साल के संघर्ष के बाद 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न हो गया. जिसके बाद से अब आम लोगों के लिए रामलला के दर्शन शुरू हो चुके हैं. अयोध्या में इस वक्त भक्तगण भारी संख्या में नए राम मंदिर के दर्शन करने आ रहे हैं. भक्त राम के दर्शन कर सकें इसके चलते अब मंदिर को रात 10 बजे तक के लिए खोला जाएगा.
अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन का समय बढ़ाने का फैसला लिया है. अब श्रद्धालु रात 10 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे. पहले यह समय शाम सात बजे तक ही था. सुबह की पाली में दर्शन सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक होंगे. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, करीब पांच लाख श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए अयोध्या में रुके हुए हैं और लगातार श्रद्धालुओं का आना जारी है. अयोध्या जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 10-15 दिन बाद अयोध्या आएं और रामलला के दर्शन करें.
बता दें कि मंदिर का कार्य अभी भी जारी है, मंदिर में दूसरा तल बनना अभी बाकी है. शिखर का काम और जो मूर्तियां लग चुकी हैं उनका भी फिनिशिंग और पॉलिशिंग कुछ मात्रा में होनी हैं. दूसरे तल पर राम परिवार (Shri Ram Parivar) की स्थापना होनी बाकी है. जानकारी के मुताबिक, दूसरे तल पर राम-सीता विराजमान होंगे. उनके साथ भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमान जी की मूर्ति लगनी है.





