एशिया कप 2025: 8 साल बाद भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल, बनेगा इतिहास

नई दिल्ली: क्रिकेट फैंस के लिए 28 सितंबर का दिन बेहद खास होने वाला है. 8 साल के लंबे इंतज़ार के बाद भारत और पाकिस्तान की टीमें किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने होंगी. दुबई में खेले जाने वाले एशिया कप 2025 के इस खिताबी मुकाबले पर पूरी दुनिया की नज़रें टिकी हुई हैं.
2017 की हार का बदला लेने का मौका
भारत और पाकिस्तान आखिरी बार किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में साल 2017 की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भिड़े थे. उस मैच में पाकिस्तान ने भारत को 180 रनों से हराकर बड़ा झटका दिया था. अब टीम इंडिया के पास उस हार का हिसाब बराबर करने का सुनहरा मौका है.
फाइनल मुकाबलों का लंबा इतिहास
भारत और पाकिस्तान पहली बार साल 1985 में मेलबर्न में वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में भिड़े थे, जहां भारत ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी. इसके बाद दोनों टीमें अब तक 12 बार बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने आ चुकी हैं.
- पाकिस्तान ने 8 बार बाज़ी मारी है.
- भारत ने 4 बार खिताब अपने नाम किया है.
वहीं, वर्ल्ड कप फाइनल में दोनों एक बार आमने-सामने आए थे. साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 रनों से मात दी थी.
एशिया कप फाइनल में पहली भिड़ंत
एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान फाइनल में भिड़ने जा रहे हैं. अब तक यह टूर्नामेंट 16 बार खेला जा चुका है, लेकिन दोनों दिग्गज कभी खिताबी जंग में आमने-सामने नहीं आए.
भारत ने अब तक 8 बार एशिया कप का खिताब जीता है (1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2016, 2018, 2023). वहीं पाकिस्तान की टीम केवल 2 बार चैंपियन बनी है (2000 और 2012).
आमने-सामने का रिकॉर्ड
एशिया कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 18 मुकाबले खेले गए हैं.
- भारत ने 10 मैच जीते.
- पाकिस्तान ने 6 बार जीत दर्ज की.
- 2 मुकाबले बेनतीजा रहे.
महामुकाबले की उलटी गिनती
28 सितंबर को होने वाला यह फाइनल न सिर्फ एशिया कप के इतिहास का सबसे बड़ा मैच होगा, बल्कि क्रिकेट दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता को एक नए अध्याय तक ले जाएगा. अब देखना होगा कि क्या भारत अपने 9वें एशिया कप खिताब पर कब्ज़ा करेगा या पाकिस्तान इतिहास रचते हुए तीसरी बार एशिया कप का ताज पहनेगा.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





