श्रीनगर एयरपोर्ट पर आर्मी अफसर ने स्पाइसजेट कर्मचारियों से की मारपीट

श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक सीनियर आर्मी अफसर द्वारा स्पाइसजेट के चार ग्राउंड स्टाफ से मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना 26 जुलाई को उस समय हुई जब अफसर को दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से पहले अतिरिक्त कैबिन बैग का शुल्क देने को कहा गया। स्पाइसजेट के मुताबिक, आरोपी अफसर फ्लाइट SG 386 से यात्रा कर रहे थे और उन्होंने दो कैबिन बैग लेकर जाने की कोशिश की, जिनका कुल वजन 16 किलो था, जबकि नियम के अनुसार केवल 7 किलो तक की अनुमति है। जब कर्मचारियों ने उन्हें अतिरिक्त वजन के लिए भुगतान करने को कहा, तो अफसर ने मना कर दिया और जबरन एयरोब्रिज के जरिए बोर्डिंग एरिया में चले गए।
इसके बाद CISF जवानों ने उन्हें रोका और वापस गेट पर लाया। यहीं पर, स्पाइसजेट का आरोप है कि अफसर ने गुस्से में आकर कर्मचारियों पर हमला कर दिया। एक स्टाफ की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया, दूसरे के जबड़े में गंभीर चोट आई और दो अन्य कर्मचारियों को भी गंभीर चोटें आईं। एक कर्मचारी को बार-बार घूंसे और लातें मारी गईं, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने की कोशिश में एक और कर्मचारी घायल हो गया। चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्पाइसजेट ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है और उस अफसर को नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर इस घटना को “जानलेवा हमला” बताया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया गया है।
CISF ने भी पुष्टि की है कि उनके जवानों ने समय रहते स्थिति को काबू में किया और फ्लाइट तय समय पर रवाना हो सकी। स्पाइसजेट ने घटना की निंदा करते हुए कहा है कि वह इस मामले को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ाएगी। यह मामला एयरलाइन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। कई लोगों ने ऐसे मामलों में कड़े कानून बनाने और एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।





