मनोरंजन

अनुपम खेर का ड्रीम प्रोजेक्ट ‘तन्वी द ग्रेट’, रिलीज डेट का हुआ ऐलान

दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को लेकर सुर्खियों में हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन खुद अनुपम खेर ने किया है। हाल ही में फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल में हुआ, जहां इसे अंतरराष्ट्रीय दर्शकों से खूब सराहना मिली।

फिल्म के प्रीमियर के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने ‘तन्वी द ग्रेट’ के अनुभवों को साझा किया और फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म भारत में 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वीडियो में अनुपम काफी भावुक नजर आए और उन्होंने फिल्म की टीम, कहानी और संगीत को लेकर अपने विचार भी साझा किए।

ट्विटर पर साझा किए गए वीडियो के कैप्शन में अनुपम खेर ने लिखा,
“कल रात ‘तन्वी द ग्रेट’ के वर्ल्ड प्रीमियर में दुनियाभर के दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया से मैं बहुत प्रभावित और भावुक हूं। यह एक यूनिवर्सल विषय है, जिसने सभी के दिल को छू लिया। खासतौर पर एमएम करीम द्वारा तैयार किया गया संगीत लोगों को बहुत पसंद आया।”
उन्होंने आगे कहा, “18 जुलाई को हम अपनी फिल्म की मेहनत, जादू और प्यार को आपके सामने पेश करेंगे। आपसे थिएटर में मुलाकात होगी। जय हिंद!”


फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ में एक मजबूत स्टारकास्ट देखने को मिलेगी। शुभांगी दत्त फिल्म में मुख्य किरदार तन्वी की भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ बोमन ईरानी, जैकी श्रॉफ, अरविंद स्वामी, इयान ग्लेन, पल्लवी जोशी, करण ठक्कर, नासिर और स्वयं अनुपम खेर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

कान फेस्टिवल में मिली सराहना और अनुपम खेर के निर्देशन को लेकर फिल्म दर्शकों के बीच पहले से ही चर्चा का विषय बनी हुई है। अब रिलीज डेट के एलान के बाद फैंस में उत्साह और बढ़ गया है।

‘तन्वी द ग्रेट’ एक भावनात्मक और प्रेरणादायक फिल्म होने की उम्मीद की जा रही है, जो 18 जुलाई को भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अनुपम खेर के निर्देशन और दमदार स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म दर्शकों के लिए एक खास अनुभव बन सकती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button