भारत

दिल्ली के महिपालपुर में धमाके जैसी आवाज से मची हलचल, पुलिस ने कहा स्थिति सामान्य

नई दिल्ली, 13 नवंबर — गुरुवार सुबह राजधानी दिल्ली के महिपालपुर इलाके में रैडिसन होटल के पास धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई देने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. सुबह करीब 9 बजकर 18 मिनट पर इस घटना की सूचना फायर डिपार्टमेंट को दी गई, जिसके बाद तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं.

प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि यह कोई विस्फोट नहीं था, बल्कि एक DTC बस का टायर फटने से धमाके जैसी आवाज आई थी. दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि मौके से कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है.

घटना के बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें इलाके में जांच में जुट गईं और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से सत्यापन किया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी और तुरंत पुलिस को सूचना दी.

डीसीपी साउथ वेस्ट ने बताया कि एक व्यक्ति, जो गुरुग्राम जा रहा था, ने पुलिस को फोन कर धमाके की सूचना दी थी. बाद में जांच में सामने आया कि धौला कुआं की ओर जा रही DTC बस का पिछला टायर फट गया था, जिससे यह आवाज सुनाई दी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है और इलाके में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं.

गौरतलब है कि हाल ही में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद से दिल्ली में हाई अलर्ट जारी है. सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और शहर के सभी प्रमुख इलाकों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है. हर आने-जाने वाले वाहन की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोका जा सके.

पुलिस का संदेश स्पष्ट है — स्थिति सामान्य है, नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button