ईरान में बिगड़ते हालात के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी, जल्द देश छोड़ने की सलाह

ईरान में बढ़ते तनाव और ताजा विरोध प्रदर्शनों के बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। सोमवार (23 फरवरी 2026) को जारी इस सलाह में छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों सहित सभी भारतीयों से उपलब्ध साधनों, खासकर कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए, जल्द से जल्द ईरान छोड़ने को कहा गया है।
दूतावास ने कहा है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिक अपने पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य जरूरी यात्रा दस्तावेज हमेशा अपने पास रखें। किसी भी तरह की सहायता के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करने को भी कहा गया है।
यह एडवाइजरी पहले जारी चेतावनियों के बाद आई है। 5 जनवरी 2026 को भारत के विदेश मंत्रालय ने गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी थी, क्योंकि उस समय भी ईरान में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे।
दरअसल, हाल ही में ईरान के कई विश्वविद्यालयों में छात्रों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए, जिनके दौरान झड़पें भी हुईं। इसके अलावा, ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। इसी बीच क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियां भी बढ़ी हैं। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उस पर हमला हुआ तो वह पश्चिम एशिया में अमेरिकी हितों को निशाना बना सकता है।
हालांकि, ईरानी अधिकारी अभी भी उम्मीद जता रहे हैं कि 26 फरवरी 2026 को अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बातचीत में कोई सकारात्मक नतीजा निकल सकता है, जिससे टकराव टल सके।
भारतीय दूतावास ने अपनी ताजा एडवाइजरी में दोहराया है कि सभी भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग सतर्क रहें, प्रदर्शन और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें, स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर दूतावास से संपर्क करें।





