भारत

भारत-पाक तनाव के बीच फिरोजपुर में सेना का ब्लैकआउट अभ्यास, युद्ध की तैयारी का संकेत

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद देश में हाई अलर्ट है, और अब पंजाब के फिरोजपुर में सेना ने एक बड़ा कदम उठाया है। रविवार रात को भारतीय सेना की छावनी में आधे घंटे के लिए कंप्लीट ब्लैकआउट ड्रिल की गई। यह अभ्यास रात 9 बजे से 9.30 बजे तक चला, जिसमें पूरे क्षेत्र को अंधेरे में रखा गया।

इस अभ्यास को संभावित युद्ध की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की थी कि इस दौरान वे इन्वर्टर या जनरेटर जैसी कोई भी रोशनी बाहर न दिखाएं। ब्लैकआउट के दौरान लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को पूरी जानकारी दी गई।

फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर को लिखे गए सेना के पत्र में बताया गया कि यह मॉक ड्रिल युद्ध जैसी स्थितियों में ब्लैकआउट प्रक्रियाओं की तैयारी और उसकी प्रभावशीलता को जांचने के लिए की गई थी। अधिकारियों ने इसे एक आवश्यक अभ्यास बताया जो युद्धकालीन रणनीति का अहम हिस्सा है।

गौरतलब है कि यह ड्रिल ऐसे समय हुई है जब 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस घटना के बाद भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ सख्त तेवर दिख रहे हैं।

ब्लैकआउट प्रोटोकॉल का उद्देश्य युद्ध के समय दुश्मन की निगरानी और हमलों से रिहायशी इलाकों को बचाना होता है। भले ही भारत के पास रूस का अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम S-400 मौजूद है, जो दुश्मन की मिसाइलों को हवा में ही तबाह कर सकता है, लेकिन ब्लैकआउट के जरिए नागरिकों को भी सतर्क और तैयार रखने का संदेश दिया जा रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button