भारत

कोलकाता लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप का आरोप, NCW सदस्य अर्चना मजूमदार ने किया दौरा

कोलकाता के साउथ लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना को लेकर पूरे राज्य में हड़कंप मचा हुआ है। इसी मामले को लेकर रविवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की सदस्य अर्चना मजूमदार कॉलेज पहुंचीं। आरोप है कि 25 जून को कॉलेज परिसर में ही एक पूर्व छात्र और दो मौजूदा छात्रों ने मिलकर छात्रा के साथ गैंगरेप किया।

कॉलेज दौरे के दौरान अर्चना मजूमदार ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस अभी तक यह नहीं बता पाई है कि पीड़िता कहां है और उसकी स्थिति क्या है। उन्होंने साफ कहा, “महिला आयोग पीड़िता के साथ खड़ा है।” उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पीड़िता और उसके परिवार से सीधे बातचीत नहीं होती, तब तक उनकी ज़रूरतों को समझना और मदद करना मुश्किल है।

अर्चना मजूमदार ने कहा, “इस तरह के मामलों में हम पीड़िता और उसके परिवार से मिलकर स्थिति के हिसाब से मदद करने की कोशिश करते हैं — चाहे वो सुरक्षा से जुड़ी हो या पढ़ाई से।”

कॉलेज परिसर में प्रवेश को लेकर भी काफी तनाव का माहौल रहा। अर्चना मजूमदार और उनके साथ केवल दो लोगों को ही अंदर जाने की इजाजत दी गई, वह भी मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद। कैंपस में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी पूरी तरह पाबंदी लगाई गई थी। उन्होंने उस गार्ड रूम का भी दौरा किया, जहां कथित तौर पर यह घटना हुई थी। बाहर आकर उन्होंने मीडिया से कहा, “मैं अपना काम पूरा नहीं कर पाई, इसकी रिपोर्ट मैं आयोग को दूंगी।”

इस मामले में पुलिस ने अब तक एक पूर्व छात्र और दो मौजूदा छात्रों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कॉलेज के एक सुरक्षा गार्ड को भी शनिवार को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है, जिसकी अगुवाई एक सहायक आयुक्त स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।

इस घटना को लेकर राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। बीजेपी और वामदलों ने राज्य सरकार पर छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किए हैं।

इस पर राज्य की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने NCW के दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग को मणिपुर और ओडिशा जैसे अन्य राज्यों में हो रही ऐसी घटनाओं पर भी ध्यान देना चाहिए, न कि सिर्फ बंगाल पर निशाना साधना चाहिए। फिलहाल कॉलेज प्रशासन, पुलिस और सरकार सभी की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जबकि पीड़िता के इंसाफ की मांग जोर पकड़ रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button