अलास्का शिखर वार्ता: ट्रंप और पुतिन ने यूक्रेन को लेकर किए बड़े वादे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि रूस को लेकर उनकी हालिया अलास्का शिखर वार्ता में “बड़ी प्रगति” हुई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा – “BIG PROGRESS ON RUSSIA. STAY TUNED! – President DJT”। हालांकि उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
अमेरिका और रूस के बीच हुई इस अहम बैठक का मुख्य मुद्दा यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का रास्ता ढूंढना था। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ़ ने बताया कि ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के लिए “मजबूत सुरक्षा गारंटी” देने पर सहमति जताई है। विटकॉफ़ ने इसे “गेम-चेंजिंग” करार दिया। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप का यूक्रेन को नाटो अनुच्छेद 5 जैसी सुरक्षा गारंटी देने का प्रस्ताव सराहनीय है और यूरोपीय संघ इस प्रयास में अपना योगदान देने के लिए तैयार है।
इसी बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की सोमवार को वॉशिंगटन में ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वॉन डेर लेयेन समेत कई यूरोपीय नेता भी बातचीत में शामिल होंगे।





