ताज़ा खबरेंमनोरंजन

महाकुंभ में पहुंचे अक्षय कुमार, संगम में लगाई आस्था की डुबकी, CM योगी को कहा धन्यवाद

बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार अपनी फिल्मों के अलावा आस्था और धार्मिक आयोजनों में भाग लेने को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। इस बार अपने व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर अक्षय प्रयागराज के महाकुंभ पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र संगम में स्नान किया और श्रद्धा के रंग में रंगे नजर आए। संगम में डुबकी लगाने के बाद अक्षय कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “बहुत मजा आया, बहुत बढ़िया इंतजाम है।”

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शानदार व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, “पहले लोग गठरी लेकर आते थे, लेकिन अब बड़े उद्योगपति, फिल्मी सितारे और नामचीन हस्तियां भी यहां आ रही हैं। यह सही मायने में महाकुंभ है।” अक्षय कुमार ने महाकुंभ में तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा है। सफेद कुर्ता-पायजामा पहने अक्षय कुमार की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।

प्रयागराज पहुंचे अक्षय कुमार की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वे भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं। फुल सिक्योरिटी के बीच उन्होंने संगम में स्नान किया और पूजा-अर्चना की। 24 फरवरी को महाकुंभ का 43वां दिन था और दो दिन बाद इसका समापन होने वाला है। ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। साथ ही, बॉलीवुड सितारों सहित कई प्रतिष्ठित लोग भी महाकुंभ में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।

Show More
Back to top button