अजित पवार का अंतिम संस्कार आज, बारामती अंतिम यात्रा की तैयारी में जुटा

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का बुधवार सुबह प्लेन क्रैश में निधन हो गया. यह हादसा बेहद दुखद था. इस हादसे के बाद आज अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान के मैदान पर होगा. अजित पवार की अंतिम यात्रा सुबह 9 बजे, गदिमा सभागार से शुरू होगी और विद्यानगरी चौक, फिर भिगवन सर्विस रोड और विद्या प्रतिष्ठान के मराठी स्कूल के अंदरूनी मार्ग से होते हुए मुख्य मैदान तक पहुंचेगी.
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में कैप्टन सुमित कपूर भी शामिल हैं, जिनके पास 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था. 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव रखने वाली सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विधिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की भी इस हादसे में मौत हो गई.
महाराष्ट्र के बारामती में अजित पवार के अंतिम दर्शन के लिए उमड़े जनसैलाब को संभालने के लिए एक भावुक दृश्य देखने को मिला. जब भीड़ बेकाबू होने लगी और माहौल काफी तनावपूर्ण व भावुक हो गया, तब अजित पवार के भतीजे रोहित पवार खुद सामने आए. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और संयम बरतने की अपील की, ताकि अंतिम दर्शन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके. राजनीतिक मतभेदों को किनारे रख, परिवार के सदस्य के रूप में रोहित पवार को भीड़ के बीच जाकर स्थिति संभालते देख वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए.
अजित पवार का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा. इससे पहले अजित पवार के अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव काटेवाडी बारामती में लोगों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. अपने नेता को आखिरी विदाई देने के लिए लोग लंबी कतारों में खड़े हैं.
#WATCH बारामती, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पार्थिव शरीर को ले जा रही एम्बुलेंस उनके काटेवाड़ी आवास से निकली। उनका अंतिम संस्कार विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में किया जाएगा। pic.twitter.com/2cfsj9xKR6
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 29, 2026
#WATCH बारामती: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पार्थिव शरीर को ले जा रहा शव वाहन अंतिम संस्कार के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान की ओर बढ़ रहा है। pic.twitter.com/Y75MA7nQS2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 29, 2026





