भारत

लंदन जा रही Air India फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली लौटी, सभी यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली: एयर इंडिया की लंदन जा रही एक फ्लाइट गुरुवार को तकनीकी खराबी की आशंका के चलते वापस दिल्ली लौट आई। विमान कई घंटों तक हवा में रहने के बाद सुरक्षित लैंड हुआ।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट AI111 सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी। यह Airbus A350-900 (VT-JRF) विमान था। उड़ान के दौरान जब विमान सऊदी अरब के ऊपर से गुजर रहा था, तब उसमें कुछ असामान्य आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद एहतियात के तौर पर पायलट ने विमान को वापस दिल्ली मोड़ने का फैसला लिया।

यह विमान दोपहर करीब 12:30 बजे सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान की पूरी तरह से तकनीकी जांच की जा रही है, जिसमें थोड़ा समय लग सकता है।

एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि उन्हें जल्द से जल्द दूसरी फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, फ्लाइट में सवार यात्रियों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में इसी विमान के साथ एक और घटना सामने आई थी। 15 मार्च को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही इसी मॉडल की फ्लाइट को तकनीकी समस्या के चलते आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा था।

एयर इंडिया ने अपने बेड़े में A350-900 विमान को जनवरी 2024 में शामिल किया था, जो उसके आधुनिकीकरण योजना का हिस्सा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button