दिल्ली से जम्मू और श्रीनगर जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट GPS गड़बड़ी के चलते लौटी वापस

दिल्ली से जम्मू होते हुए श्रीनगर जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट सोमवार दोपहर को जम्मू एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले ही वापस दिल्ली लौट गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया क्योंकि उड़ान के दौरान GPS सिग्नल में गड़बड़ी का शक हुआ था।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि यह फ्लाइट IX-2564 दोपहर के समय जम्मू एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली थी। लेकिन जब विमान कुछ देर तक जम्मू के आसमान में मंडराता रहा और लैंडिंग नहीं हो पाई, तो पायलट ने सुरक्षित रूप से विमान को दिल्ली लौटाने का फैसला किया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू में मौसम और रनवे पूरी तरह साफ था, लेकिन पायलट को सही तरीके से लैंडिंग पॉइंट नहीं मिला।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया, “हमारी दिल्ली-जम्मू फ्लाइट को GPS इंटरफेरेंस की आशंका के चलते एहतियातन वापस दिल्ली लाया गया। इसके बाद यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई।” उन्होंने आगे कहा, “हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। कुछ संवेदनशील इलाकों के ऊपर उड़ान भरते वक्त GPS सिग्नल में रुकावट की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं।”
फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट के जरिए गंतव्य तक पहुंचा दिया गया है।





