भारत

अहमदाबाद तैयार, भारत करेगा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी

भारत ने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए आधिकारिक तौर पर अपनी दावेदारी पेश कर दी है। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने विशेष महासभा के दौरान इस बोली को मंजूरी दी, जिससे देश के इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करने की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।

अगर भारत को मेजबानी का मौका मिलता है तो खेलों का आयोजन अहमदाबाद में होगा, और इसका पूरा खर्च केंद्र सरकार उठाएगी। बोली के दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त तय की गई है। अहमदाबाद को मेजबान शहर बनाकर भारत पहले ही रुचि पत्र सौंप चुका है, लेकिन अब निर्णायक प्रस्ताव पेश करना बाकी है।

मेजबानी की दौड़ में भारत के आगे बढ़ने का रास्ता और आसान हो गया है क्योंकि कनाडा पहले ही इस रेस से बाहर हो चुका है। इसी बीच, हाल ही में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स के खेल निदेशक डैरेन हॉल अहमदाबाद पहुंचे थे, जहां उन्होंने गुजरात सरकार के अधिकारियों के साथ संभावित आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। इस महीने के अंत में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी अहमदाबाद का दौरा कर सकता है।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के मेजबान का अंतिम फैसला नवंबर के अंतिम सप्ताह में ग्लासगो में होने वाली कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स की आम सभा में लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भारत ने इससे पहले 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी, जो देश के खेल इतिहास का एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ था। इस बार, अगर अहमदाबाद को मेजबानी का मौका मिलता है, तो यह न केवल शहर बल्कि पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button