अहमदाबाद और अमृतसर एयरपोर्ट को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

अहमदाबाद और अमृतसर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के जॉइंट पुलिस कमिश्नर शरद सिंघल ने बताया कि मंगलवार को क्राइम ब्रांच को एक ईमेल मिला, जिसमें अहमदाबाद एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को मौके पर तैनात किया गया और पूरे एयरपोर्ट परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई। हालांकि, जांच में अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी एयरपोर्ट पर मौजूद हैं।
इससे पहले सोमवार को पंजाब के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमृतसर को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरपोर्ट अधिकारियों को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें उसने एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही। इसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एक्शन लिया और पूरे परिसर में अलर्ट जारी कर दिया गया। बम निरोधक दस्ते, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी। यात्रियों के सामान की जांच तेज कर दी गई और गश्त भी बढ़ा दी गई।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में शरारत या किसी बड़ी साजिश से इनकार नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय में देश के विभिन्न हिस्सों में स्कूलों और हवाईअड्डों को बम की धमकी मिलने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।





