पूर्वी लद्दाख में गतिरोध खत्म करने के लिए भारत और चीन के बीच हुआ समझौता

पूर्वी लद्दाख में दोनों सेनाओं के बीच गतिरोध खत्म करने के लिए भारत के साथ समझौता कर लिया है. इस बात की पुष्टि चीन ने की है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि, “चीन भारत के साथ सीमा विवाद को सुलझाने के लिए एक समझौते पर पहुंच गया है और वह समाधान को लागू करने के लिए काम करेगा.”

भारत और चीन के रिश्तों में लंबे समय से देखी जा रही खटास में सोमवार को उस समय नरमी देखने को मिली जब दोनों देशों के बीच विवादित पेट्रोलिंग प्वॉइंट्स को लेकर एग्रीमेंट हुआ. इस समझौते के मुताबिक भारतीय सेना यहां फिर से पेट्रोलिंग शुरू कर सकेगी.
जानकारों का मानना है कि 2020 में गलवान में हुई झड़प के बाद से भारत और चीन के रिश्तों में तल्खी बढ़ी है. इस वजह से इन संबंधों के दुरुस्त होने में समय लगेगा लेकिन यह एग्रीमेंट दोनों देशों के लिए एक नई शुरुआत जैसा होगा.





