ताज़ा खबरेंविदेश

अंतरिक्ष में 9 महीने बिताने के बाद सुनीता और बुच धरती के लिए हुए रवाना

फ्लोरिडा: नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में नौ महीने तक फंसे रहने के बाद अब धरती पर लौट रहे हैं। उनकी वापसी के लिए स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल रवाना हो चुका है, जो भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर उतरेगा।

सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने 5 जून 2024 को नासा के मिशन के तहत बोइंग स्टारलाइनर यान से आईएसएस के लिए उड़ान भरी थी। उनका मिशन केवल एक सप्ताह का था, लेकिन अंतरिक्ष यान में आई तकनीकी खराबी के कारण वे वहां से वापस नहीं लौट सके। उनकी यह अस्थायी यात्रा 9 महीने के लंबे इंतजार में बदल गई।

मिशन प्रबंधकों ने 18 मार्च की शाम को मौसम संबंधी अनुकूल परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उनकी वापसी का निर्णय लिया। इसके तहत स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल पहले ही आईएसएस पर पहुंच चुका है, जहां से वह सुनीता और बुच को लेकर लौट रहा है। उनके साथ नासा के अंतरिक्ष यात्री निक हेग और रोस्कोस्मोस के कॉस्मोनॉट अलेक्जेंडर गोर्बुनोव भी लौट रहे हैं।

इससे पहले, सुनीता और बुच ने आईएसएस पर अपने स्थान पर पहुंचे चार नए अंतरिक्ष यात्रियों को मिशन से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं और महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की।

नासा के अधिकारी स्टीव स्टिच ने कहा, “बुच और सुनीता ने आईएसएस में शानदार काम किया है। अब हम उन्हें सुरक्षित रूप से धरती पर वापस लाने के लिए उत्साहित हैं।”

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सुनीता और उनके साथियों की वापसी बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक पूरी हो सके।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button