एक्ट्रेस उर्वशी के बाद अब सोनू सूद पर ईडी का शिकंजा

गैरकानूनी ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अभिनेता सोनू सूद को समन भेजा है। इससे पहले इसी मामले में अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती, पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और युवराज सिंह से भी पूछताछ हो चुकी है।
24 सितंबर को पेश होने के निर्देश
ईडी ने सोनू सूद को 24 सितंबर को दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में पेश होने का आदेश दिया है। एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने एक ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ प्रमोशनल जुड़ाव किया, जो भारत में प्रतिबंधित है। यह प्लेटफॉर्म कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और पैसों की हेराफेरी में शामिल है।
जांच का दायरा बढ़ा
ईडी यह जांच कर रही है कि सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों की ब्रांडिंग से इस ऐप को कितना फायदा हुआ और क्या इससे जुड़े भुगतान नियमों का उल्लंघन हुआ। एजेंसी लंबे समय से ऐसे बेटिंग प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है, जिन पर हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों की आशंका जताई जाती है। अब इस मामले में कई फिल्मी सितारों और खिलाड़ियों के नाम सामने आने के बाद जांच का दायरा और भी बढ़ गया है।
उर्वशी रौतेला और मिमी चक्रवर्ती को भी समन
जानकारी के मुताबिक, मिमी चक्रवर्ती को 15 सितंबर और उर्वशी रौतेला को 16 सितंबर को ईडी के सामने पेश होने के आदेश दिए गए हैं। एजेंसी यह समझना चाहती है कि इन सितारों की भूमिका इन एप्स के प्रचार और पब्लिसिटी में किस हद तक रही है।





