फेस्टिवल्स में छा चुकी ‘होमबाउंड’ अब सिनेमाघरों की ओर – ट्रेलर ने बढ़ाया सस्पेंस

हाल ही में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में सराहना बटोर चुकी फिल्म ‘होमबाउंड’ का ट्रेलर अब रिलीज हो गया है। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
धर्मा प्रोडक्शन्स ने सोशल मीडिया पर इसका ट्रेलर साझा किया। ट्रेलर जारी करते हुए प्रोडक्शन हाउस ने लिखा, “हमारे दिल का टुकड़ा आपके दिल में घर बनाए, पेश है ‘होमबाउंड’ का ऑफिशियल ट्रेलर। 26 सितंबर से सिनेमाघरों में।”
फिल्म की कहानी बचपन के दो दोस्तों मोहम्मद शोएब (ईशान खट्टर) और चंदन कुमार (विशाल जेठवा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनका सपना पुलिस अधिकारी बनने का है। इस सफर में उन्हें कई चुनौतियों और संघर्षों का सामना करना पड़ता है। वहीं, जाह्नवी कपूर चंदन की प्रेमिका के किरदार में नजर आएंगी, जो दोनों दोस्तों की जिंदगी में अहम मोड़ लाती हैं।
ट्रेलर में दोस्ती, सपनों और संघर्ष की गहरी झलक दिखाई देती है। यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और उनके संघर्षों की कहानी भी पेश करती है।
‘होमबाउंड’ को रिलीज से पहले कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में दिखाया गया, जहां इसे खूब सराहना मिली। अब मेकर्स को उम्मीद है कि सिनेमाघरों में भी दर्शकों से ऐसा ही प्यार मिलेगा। फिल्म 26 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





