विदेश
एलओसी पार कर भारत आई पाकिस्तानी महिला, भारतीय सेना ने पुंछ में पकड़ा

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारत में दाखिल हुई एक महिला को भारतीय सेना ने पकड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना मंगलवार की है और महिला को बालाकोट सेक्टर के डब्बी फॉरवर्ड इलाके से हिरासत में लिया गया। पकड़ी गई महिला की पहचान 35 वर्षीय शहनाज़ अख्तर के रूप में हुई है। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के कोटली जिले के गिम्मा इलाके की रहने वाली है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि महिला का अपने पिता से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह घर छोड़कर नियंत्रण रेखा की ओर चली गई, जहां भारतीय सेना के जवानों ने उसे पकड़ लिया।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल महिला सेना की निगरानी में है और अब तक उसे पुलिस के हवाले नहीं किया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।





