खेल

भारत-पाकिस्तान मैच में ‘नो हैंडशेक’ पॉलिसी जारी, टॉस के समय भी नहीं मिलाए हाथ

15 फरवरी को कोलंबो में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर ‘नो हैंडशेक’ पॉलिसी देखने को मिली। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया।

मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में यह पहली बार है जब किसी आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय कप्तान ने विरोधी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया। मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सूर्यकुमार यादव से हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने कहा था कि इसके लिए अगले दिन का इंतजार करना बेहतर होगा। अब टॉस के समय हाथ न मिलाकर उन्होंने साफ संकेत दे दिया कि टीम अपनी नीति पर कायम है।

भारत और पाकिस्तान के बीच हैंडशेक विवाद पहली बार एशिया कप 2025 में सामने आया था। उस समय भारतीय टीम ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से यह परंपरा जारी है। सिर्फ सीनियर पुरुष टीम ही नहीं, बल्कि जूनियर टीम ने भी इस रुख को आगे बढ़ाया। अंडर-19 एशिया कप और अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय युवा खिलाड़ियों ने भी पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में हाथ नहीं मिलाया और दूरी बनाए रखी।

कोलंबो में खेले जा रहे इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में जहां मैदान पर रोमांच देखने को मिल रहा है, वहीं ‘नो हैंडशेक’ पॉलिसी ने भी एक बार फिर सबका ध्यान खींचा है।

Show More
Back to top button