भारत

पटना एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा टला, इंडिगो फ्लाइट ने गो-अराउंड कर दोबारा की सुरक्षित लैंडिंग

पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 2482 रनवे ओवरशूट की स्थिति में पहुंच गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान को अनियंत्रित होने से बचा लिया गया। पायलट ने तुरंत “गो-अराउंड” की प्रक्रिया अपनाई और विमान को दोबारा आसमान में ले जाकर कुछ देर बाद सुरक्षित लैंडिंग करवाई।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे फ्लाइट ने जैसे ही पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की, वह रनवे के निर्धारित टचडाउन ज़ोन को पार कर गई। विमान के मुख्य लैंडिंग गियर ने रनवे को छू तो लिया, लेकिन वह आगे की ओर बढ़ता चला गया। पायलट ने स्थिति का तुरंत आकलन किया और पाया कि सीमित रनवे पर विमान को रोकना संभव नहीं है। ऐसे में उन्होंने गो-अराउंड का फैसला लिया और कुछ देर बाद फिर से विमान को सुरक्षित उतार दिया।

एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, रनवे ओवरशूट वह स्थिति होती है जब कोई विमान लैंडिंग के बाद रनवे की तय सीमा के भीतर रुक नहीं पाता और आगे निकल जाता है। यह आमतौर पर तब होता है जब ब्रेकिंग सिस्टम या थ्रस्ट रिवर्सल प्रभावी रूप से काम नहीं करते, या फिर लैंडिंग टचडाउन ज़ोन के बाद होती है जिससे रुकने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती।

इस घटना के बाद एक बार फिर पटना एयरपोर्ट के छोटे रनवे को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सीमित लंबाई वाले रनवे पर विशेष सावधानी की जरूरत होती है, खासकर जब मौसम खराब हो या विमान निर्धारित टचडाउन ज़ोन से आगे लैंड करे।

गौरतलब है कि सात दिन पहले भी पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही इंडिगो की एक फ्लाइट से चिड़िया टकरा गई थी। इससे विमान के एक इंजन में वाइब्रेशन शुरू हो गया। उस समय विमान में 175 यात्री सवार थे। घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई थी। इंजन में खराबी की सूचना मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। सुबह 10 बजे फ्लाइट को सुरक्षित रूप से पटना एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।

इन दो घटनाओं ने पटना एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों की ओर से तत्काल कदम उठाए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button