मनोरंजन

लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में हुई फिल्म ‘आरआरआर’ की शानदार स्क्रीनिंग

साउथ इंडियन फिल्म ‘आरआरआर’ की हाल ही में लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस इवेंट में फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली के साथ अभिनेता राम चरण और जूनियर एनटीआर भी मौजूद रहे। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान हॉल दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया।

फिल्म ‘आरआरआर’ के आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट से इस स्क्रीनिंग की तस्वीरें साझा की गईं, जिसमें लिखा गया, “हिस्ट्री।” इसके साथ #टुगेदरआरआरआरअगेन और #रॉयलअलबर्टहॉल जैसे हैशटैग का इस्तेमाल भी किया गया।


इस मौके पर मौजूद दर्शकों ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, “इतने लोगों के साथ फिल्म देखकर शानदार अनुभव मिला। जब राम चरण और जूनियर एनटीआर पहुंचे तो हॉल तालियों और शोर से गूंज उठा।”

बता दें कि ‘आरआरआर’ साल 2022 में रिलीज हुई थी और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त सफलता मिली। फिल्म का गाना ‘नाटू नाटू’ ऑस्कर जीत चुका है और इसे गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड में भी सराहना मिली थी। फिल्म की कहानी दो स्वतंत्रता सेनानियों – अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम – पर आधारित है।

फिल्म में राम चरण और जूनियर एनटीआर ने मुख्य भूमिका निभाई है, जबकि आलिया भट्ट, अजय देवगन और श्रेया सरन जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आए थे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button