भारत

दिल्ली में महिला SWAT कमांडो की पति ने की बर्बर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

दिल्ली के पश्चिमी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली पुलिस की SWAT टीम में तैनात महिला कमांडो काजल चौधरी की उनके पति ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के वक्त काजल चार महीने की गर्भवती थीं। काजल चौधरी की शादी नवंबर 2023 में रक्षा मंत्रालय में क्लर्क पद पर काम करने वाले अंकुर से हुई थी। दंपती का एक डेढ़ साल का बेटा भी है।

फोन पर भाई से बात करते समय हुआ हमला

घटना पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में हुई। काजल उस समय अपने भाई निखिल से फोन पर बात कर रही थीं, जो दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हैं। बातचीत के दौरान निखिल को अचानक मारपीट की आवाजें और काजल की चीखें सुनाई देने लगीं। निखिल के मुताबिक, अंकुर ने फोन छीनते हुए कहा, “मैं तेरी बहन को मार रहा हूं” इसके बाद काजल की घबराई हुई आवाज आई और कॉल अचानक कट गई। करीब पांच मिनट बाद अंकुर ने दोबारा फोन कर कहा, “ये मर गई है, अस्पताल आ जाओ।”

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, पांच दिन बाद मौत

घटना के बाद अंकुर और उसके परिवार वाले काजल को पास के अस्पताल ले गए। बाद में उन्हें गाजियाबाद के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां पांच दिन तक इलाज चला, लेकिन गंभीर चोटों के चलते काजल की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि कई अस्पतालों ने हालत गंभीर बताते हुए हाथ खड़े कर दिए थे।

पुलिस का दावा: बेहद क्रूर हमला

पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकुर ने पहले काजल का सिर दरवाजे से मारा और फिर भारी डंबल से बार-बार वार किया। काजल के शरीर पर कई गहरी चोटें थीं और सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। शुरुआत में मामला हत्या के प्रयास का दर्ज किया गया था, लेकिन काजल की मौत के बाद इसे हत्या की धारा में बदल दिया गया है। आरोपी अंकुर को हिरासत में ले लिया गया है।

दहेज और घरेलू हिंसा के आरोप

काजल के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर लंबे समय से दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार शादी में बुलेट बाइक, सोने के गहने, नकद पैसे और बाद में कार तक दी गई थी। काजल की मां ने बताया कि शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च हुए थे और अंकुर ने अलग से पांच लाख रुपये भी लिए थे।

पहले भी हुई थी मारपीट

भाई निखिल ने बताया कि करीब पांच महीने पहले भी अंकुर ने काजल के साथ मारपीट की थी। उस वक्त उन्होंने काजल को अपने साथ ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन अंकुर ने बच्चे के सामने माफी मांगकर दोबारा ऐसा न करने का वादा किया था।

पुलिस जांच जारी

पुलिस के मुताबिक घरेलू विवाद और आर्थिक तंगी भी झगड़े की वजह हो सकती है। दंपती पर कुछ कर्ज था और पैसे को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। काजल और अंकुर की मुलाकात हरियाणा के पानीपत में कॉलेज के दिनों में हुई थी। अब उनका डेढ़ साल का बेटा काजल के माता-पिता के पास है। \परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button