केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज, चुनाव आयोग की सख्त कार्रवाई

पटना. बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पर चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है. आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में आयोग के निर्देश पर पटना जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, वीडियो निगरानी टीम (Video Surveillance Team) ने संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ा एक वीडियो आयोग को भेजा था. आयोग द्वारा वीडियो की गहन जांच के बाद यह पाया गया कि उसमें आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन हुआ है.
पटना जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि, “वीडियो फुटेज की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि ललन सिंह के खिलाफ कार्रवाई योग्य साक्ष्य मौजूद हैं. इसी आधार पर उनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता (IPC) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.”
बताया जा रहा है कि अपने एक चुनावी भाषण के दौरान ललन सिंह ने कथित तौर पर कहा था कि, “कुछ लोग हैं, उन्हें चुनाव के दिन घर से बाहर नहीं निकलने देना है. अगर वे ज्यादा गिड़गिड़ाएं तो उन्हें अपने साथ ले जाइए और वोट देने के बाद घर वापस लाकर छोड़ दीजिए. अभी कमान संभालिए, चुनाव के लिए अब समय नहीं बचा है.”
इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने ललन सिंह और जेडीयू पर तीखा हमला बोला है. राजद ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “केंद्रीय मंत्री ललन सिंह चुनाव आयोग की छाती पर बुलडोजर चढ़ाते हुए कह रहे हैं कि गरीबों को वोटिंग के दिन घर से निकलने नहीं देना है. अगर ज्यादा हाथ-पैर जोड़ेगा तो उसे अपने साथ ले जाकर वोट गिराने देना है.”
वहीं, कांग्रेस ने भी ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “मोदी सरकार के मंत्री ललन सिंह का कहना है कि जो लोग भाजपा-जदयू के खिलाफ वोट करने वाले हैं, चुनाव के दिन उन्हें घर से निकलने मत दो.”
विपक्ष की तीखी प्रतिक्रियाओं के बीच अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव आयोग इस पूरे मामले में आगे क्या कदम उठाता है, क्योंकि चुनावी समर के बीच यह मामला सियासी हलचल और तेज़ कर चुका है.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





