बिहार की जनता के लिए बड़ी सौगात, 125 यूनिट तक बिजली फ्री
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की जनता के लिए बड़ा ऐलान किया है. नीतीश कुमार ने आम जनता को बड़ी सौगात देते हुए 1 अगस्त, 2025 से सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने बताया कि यह लाभ जुलाई माह के बिल से ही लागू हो जाएगा, जिससे राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा.
125 यूनिट तक बिजली फ्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्विटर पर लिखा, हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं. अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त, 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा. इससे राज्य के कुल 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को लाभ होगा. हमने यह भी तय किया है कि अगले तीन वर्षों में इन सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घर की छतों पर अथवा नजदीकी सार्वजनिक स्थल पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर लाभ दिया जाएगा.

उन्होंने आगे लिखा, कुटीर ज्योति योजना के तहत जो अत्यंत निर्धन परिवार होंगे उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने हेतु पूरा खर्च राज्य सरकार करेगी तथा शेष के लिए भी सरकार उचित सहयोग करेगी. इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अब बिजली का 125 यूनिट तक कोई खर्च नहीं लगेगा, साथ ही साथ राज्य में अगले तीन वर्षों में एक अनुमान के अनुसार 10 हजार मेगावाट तक सौर ऊर्जा उपलब्ध हो जाएगी.




