उमेश पाल मर्डर: एनकाउंटर में मारा गया अतीक अहमद का बेटा असद, शूटर गुलाम की भी मौत

नई दिल्ली: अतीक अहमद का बेटा असद और मकसूदन का बेटा गुलाम झांसी में डीएसपी नवेंदु और डीएसपी विमल के नेतृत्व में यूपीएसटीएफ की टीम के साथ मुठभेड़ में मारा गया. दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम था.
उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी और ‘बाहुबली’ अतीक़ अहमद का बेटा असद एनकाउंटर में मारा गया है. हत्याकांड में शूटर गुलाम की भी मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि असद और गुलाम ने पुलिस पर फायरिंग की जिसके बाद पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में दोनों मारे गए. इन दोनों के ऊपर पांच-पांच लाख रुपये के ईनामी थे. इनके पास से विदेशी हथियार भी मिले हैं.
गौरतलब है कि, यूपी पुलिस को उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी अतीक अहमद के बेटे असद की तलाश पिछले काफी दिनों से थी. पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, वह दक्षिण व पश्चिम दिल्ली के अलावा अन्य जगहों पर 15 दिनों तक छिपा रहा था. बाद में उसने दिल्ली से भी अपना ठिकाना बदल लिया. यूपी एसटीएफ की सूचना पर पिछले महीने दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलीजेंस यूनिट ने असद के मददगार तीन आरोपितों को आर्म्स एक्ट में मामले में दबोच कर यूपी एसटीएफ को सौंप दिया था.





