भारत

राजस्थान के टोंक में अवैध विस्फोटकों से भरी कार जब्त, नए साल से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नए साल 2026 के स्वागत की तैयारियों के बीच राजस्थान के टोंक जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध विस्फोटकों से भरी एक मारुति सियाज कार को जब्त किया है। इस घटना के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहीं नए साल के जश्न के दौरान किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए तो नहीं लाए जा रहे थे। इसी दिशा में पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरोनी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध मारुति सियाज कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार में यूरिया खाद की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए विस्फोटक बरामद किए गए।

कार से करीब 150 किलो अवैध अमोनियम नाइट्रेट, 200 विस्फोटक कार्ट्रिज और सेफ्टी फ्यूज वायर के छह बंडल (करीब 1,100 मीटर) बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विस्फोटक बूंदी से टोंक लाए जा रहे थे।

पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सुरेंद्र मोची और सुरेंद्र पटवा के रूप में हुई है। डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ये विस्फोटक अवैध खनन के लिए लाए जा रहे थे या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश या आतंकी कनेक्शन की योजना थी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button