उत्तर भारत में बाढ़ का खतरा: यमुना समेत कई नदियां खतरे के पार
लगातार हो रही बारिश ने उत्तर भारत के हालात बिगाड़ दिए हैं। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हज़ारों परिवारों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर मंगलवार सुबह खतरे के निशान को पार कर गया। पुराना रेलवे पुल पर जलस्तर 205.75 मीटर तक पहुंच गया। सुबह 6 बजे यह 205.68 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है।
पंजाब और हरियाणा में सतलुज और घग्गर नदियां उफान पर हैं। दोनों राज्यों में SDRF और अन्य रेस्क्यू टीमें अलर्ट पर हैं। हिमाचल प्रदेश में हालात और गंभीर हैं, जहां भारी बारिश से भूस्खलन और सड़कें बंद हो गई हैं। कई कस्बों का संपर्क टूट चुका है। मौसम विभाग ने हिमाचल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। अगले 48 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
एयरलाइंस ने यात्रियों को फ्लाइट डिले और कैंसिलेशन की चेतावनी दी है। कई जिलों में स्कूल-कॉलेज और दफ्तरों को ऑनलाइन मोड में काम करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम अपडेट पर नज़र रखें और जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू टीम के निर्देशों का पालन करें।





