भारत

आईआईएम कलकत्ता में युवती से दुष्कर्म का मामला: आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में मिलाई थी नींद की गोली, SIT गठित

कोलकाता के आईआईएम (IIM) कलकत्ता में एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी जानकारी मिली है। पूछताछ के दौरान आरोपी छात्र ने कबूल किया है कि उसने एक दवा दुकान से नींद की गोलियां खरीदी थीं और उन्हें युवती की कोल्ड ड्रिंक व पानी में मिलाकर उसे दिया था। इस घटना की शुरुआत शुक्रवार रात हुई, जब पीड़िता ने आईआईएम के छात्र पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीड़िता खुद आईआईएम की छात्रा नहीं है। वह अपनी एक सहेली के साथ आईआईएम के हॉस्टल में ठहरी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने नींद की गोलियां मिलाकर पीड़िता को पेय पदार्थ पिलाया था, लेकिन वह यह नहीं बता पा रहा कि उसने ऐसा क्यों किया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवती कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद लड़कों के हॉस्टल के एक कमरे में गई, जहां उसके साथ दुष्कर्म हुआ। इसके बाद आरोपी ने अपने एक दोस्त को फोन करके पूरी घटना बताई। कॉल के दौरान वह उस कमरे के बाहर बरामदे में टहल रहा था। पुलिस को अब तक पीड़िता द्वारा अपनी पहचान मनोवैज्ञानिक के रूप में प्रमाणित करने वाला कोई भी दस्तावेज नहीं मिला है। वह यह भी स्पष्ट नहीं कर पाईं कि वह किस संस्थान से पढ़ाई कर रही हैं।

इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब पीड़िता के पिता ने बयान दिया कि उनकी बेटी आरोपी छात्र को जानती तक नहीं थी और यह पूरी घटना एक “दुर्घटना” मात्र थी, न कि यौन शोषण। उनका यह बयान पुलिस की शुरुआती जांच से मेल नहीं खाता, जिससे अब केस की दिशा बदल सकती है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं परिवार पर दबाव डालकर बयान तो नहीं बदलवाया गया।

इस गंभीर मामले की जांच के लिए कोलकाता पुलिस ने नौ सदस्यीय एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई है, जिसका नेतृत्व दक्षिण-पश्चिम डिवीजन के एक सहायक आयुक्त कर रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button