‘छोरी 2’ का ट्रेलर रिलीज: बेटियों के जन्म से जुड़ी भयावह सच्चाई को दिखाएगी यह हॉरर फिल्म

गुरुवार, 3 अप्रैल को मोस्ट अवेटेड हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म समाज में बेटियों के जन्म को लेकर व्याप्त कड़वी सच्चाइयों को उजागर करती है। इतिहास में दबी ऐसी कई कहानियों को इस फिल्म के माध्यम से सामने लाने की कोशिश की गई है। विशाल फुरिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नुसरत भरूचा और सोहा अली खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।
ट्रेलर की शुरुआत एक महिला द्वारा एक छोटी बच्ची को कहानी सुनाने से होती है। वह कहती है, “एक घंणा बड़ा राज्य था। उसका एक राजा था। एक दिन उसके घर पर छोरी का जन्म होया। राजा गुस्सा हो गया।” बच्ची हैरानी से पूछती है, “गुस्सा क्यों?” जवाब मिलता है, “क्योंकि राजा नै छोरा चाहिए था, छोरी तो कतई ना।” इसके बाद फिल्म की झलक दिखती है, जहां सोहा अली खान घूंघट में नजर आती हैं, और नुसरत भरूचा अपनी बच्ची के लिए चिंतित दिखती हैं।
फिल्म में समाज में प्रचलित कुरीतियों को हॉरर के साथ पेश किया गया है। ट्रेलर में कुएं, अंधेरा, प्रथा और बढ़ते खौफ को दर्शाया गया है। सवाल उठता है कि क्या वह राजा अभी भी जिंदा है? मेकर्स का दावा है कि इस बार फिल्म पहले से ज्यादा डरावनी और इमोशनल होगी।
ट्रेलर लॉन्च होते ही इसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कई लोगों ने इसके डरावने और प्रभावशाली दृश्यों की तारीफ की है।
‘छोरी 2’ साल 2021 में आई फिल्म ‘छोरी’ का सीक्वल है, जो अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। अब, चार साल बाद, इसका सीक्वल ‘छोरी 2’ 11 अप्रैल 2025 को प्राइम वीडियो पर दस्तक देने के लिए तैयार है।





