‘वॉर 2’ का फैन-मेड वीडियो हुआ वायरल, यशराज फिल्म्स ने दी बड़ी प्रतिक्रिया!

बॉलीवुड के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स (YRF) ने अपने स्पाई यूनिवर्स को लेकर सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। हाल ही में उन्होंने एक फैन-मेड वीडियो शेयर किया, जिसने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। खास बात यह है कि इस वीडियो में आने वाली सुपरहिट एक्शन फिल्म ‘वॉर 2’ की भी झलक दिखाई गई है।
यशराज फिल्म्स ने इस वीडियो के जरिए साफ कर दिया कि ‘वॉर 2’ 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में ऋतिक रोशन अपने चर्चित किरदार ‘कबीर’ के रूप में वापसी करेंगे, जबकि साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर भी इस एक्शन थ्रिलर में अहम भूमिका निभाएंगे। इनके साथ कियारा आडवाणी भी नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं।
यशराज फिल्म्स ने हाल ही में अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर एक फैन-मेड वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके स्पाई यूनिवर्स के सभी बड़े किरदार शामिल थे। वीडियो में पठान (शाहरुख खान), रुबाई (दीपिका पादुकोण), टाइगर (सलमान खान), जोया (कैटरीना कैफ) और कबीर (ऋतिक रोशन) की एक मजेदार ग्रुप चैट दिखाई गई। इस बीच, चैट में अचानक एक नए किरदार की एंट्री होती है—जूनियर एनटीआर, जो ‘X मास्टर’ नाम से आते हैं और सभी को चौंका देते हैं।
यशराज फिल्म्स ने इस फैन-मेड वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “आपने तो वॉर 2 की मार्केटिंग हमसे पहले ही शुरू कर दी! 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में तबाही मचेगी।” इससे साफ है कि फिल्म के मेकर्स भी इस वीडियो से प्रभावित हुए हैं और इसे लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ रही है।
वीडियो में एक और दिलचस्प बात सामने आई—आलिया भट्ट और शरवरी वाघ भी जल्द ही स्पाई यूनिवर्स में शामिल होने वाली हैं। वे ‘अल्फा’ नाम की फिल्म में नजर आएंगी, जो इस सीरीज का नया चैप्टर होगी।





