ताज़ा खबरेंभारत

दिल्ली के जैतपुर में 55 वर्षीय डॉक्टर की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय डॉक्टर की बलात्कार-हत्या के दो महीने से भी कम समय बाद, कल रात दिल्ली के जैतपुर में एक नीजी नर्सिंग होम में 55 वर्षीय डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

 

कालिंदी कुंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत जैतपुर स्थित नीमा अस्पताल में जावेद अख्तर नामक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार, दो लड़के घायल अवस्था में अस्पताल आए थे, ड्रेसिंग के बाद उन्होंने डॉक्टर से मिलने की मांग की और उनके केबिन में घुसते ही उन्हें गोली मार दी.

दिल्ली पुलिस ने कहा, “पूछताछ के दौरान पता चला कि लगभग 16-17 साल की उम्र के दो लड़के अस्पताल के नर्सिंग होम में आए थे. उनमें से एक ने अपने घायल पैर की ड्रेसिंग बदलने के लिए कहा. इस लड़के की ड्रेसिंग भी पिछली रात उसी अस्पताल में की गई थी. कल मोहम्मद कामिल द्वारा ड्रेसिंग के बाद, दोनों दवा के पर्चे के लिए यूनानी चिकित्सक(BUMS) जावेद अख्तर के केबिन में गए. कुछ समय बाद, रात के नर्सिंग स्टाफ गजाला परवीन और मोहम्मद कामिल ने गोली चलने की आवाज सुनी. गजाला परवीन जावेद अख्तर के केबिन की ओर गईं और उन्हें खून से लथपथ पाया, उनके सिर के बाईं ओर से खून  बह रहा था. प्रथम दृष्टया यह टारगेट किलिंग का मामला लगता है क्योंकि यह बिना उकसावे के किया गया है और हमलावरों ने पिछली रात रेकी की थी.”

 

DCP (दक्षिण पूर्व) राजेश देव ने बताया, “नीमा एक छोटा सा नर्सिंग होम है… इसमें तीन बेड हैं. जावेद इसमें यूनानी चिकित्सक था. घटना कल करीब 1:15 बजे की है. दो लड़के आए और ड्रेसिंग करने के लिए कहा. कंपाउंडर ने ड्रेसिंग की इसके बाद वे अचानक जावेद के पास गए और उसके सिर में गोली मार दी. उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई, यह बिना उकसावे के गोली चलाने की घटना है. जांच में पता चला है कि ये दोनों लड़के एक रात पहले भी आए थे और ड्रेसिंग करवाकर 100 रुपए दिए थे. ऐसा लगता है कि यह टारगेटेड किलिंग है, यूनानी चिकित्सक को बिना किसी वजह के गोली मारी गई है… जांच में आरोपियों की पहचान हो गई है… उन्होंने रेकी की और फिर उसकी हत्या कर दी… गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह पता चलेगी…”

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button