Ayodhya: 500 साल का लंबा इंतजार अब खत्म, अयोध्या आए प्रभु श्री राम

नई दिल्ली: प्रभु श्री राम के प्रति आस्था रखने और सनातन धर्म को मानने वाले लोगों के लिए आज का दिन, 22 जनवरी ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है. आज वह घड़ी है जिसका सभी को इंतजार था. भारतवासियों का 500 साल लंबा इंतजार आज खत्म हो जाएगा. रामलला आज अपने अस्थायी टेंट से निकलकर स्थायी मंदिर में विराजमान होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.
बता दें कि रामलला की मूर्ति दो दिन पहले ही गर्भगृह में विराजमान कर दिया गया है वहीं आज पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आज भगवान राम की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा होने जा रही है. राम जन्मभूमि के गर्भगृह में दोपहर 12.05 बजे से 12.55 तक प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा. पीएम मोदी इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान होंगे. वहीं 8 हजार से ज्यादा खास मेहमान इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे.
16 जनवरी को कार्यक्रम के पहले दिन प्रायश्चित्त और कर्मकूटि पूजन कराया गया था, वहीं 17 जनवरी को मूर्ति का परिसर प्रवेश हुआ था.18 जनवरी को तीर्थ पूजन, जल यात्रा, जलाधिवास और गंधाधिवास के साथ ही श्रीराम लला विग्रह को उनके स्थान पर विराजमान किया गया. 19 जनवरी को औषधाधिवास, केसराधिवास, घृताधिवास, 19 जनवरी को धान्याधिवास, 20 जनवरी को शर्कराधिवास, फलाधिवास, पुष्पाधिवास और 21 जनवरी को मध्याधिवास और शय्याधिवास कराया गया. 22 जनवरी को भव्य राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है, इस पल का न जाने कब से लोगों को इंतजार था.
क्रिकेट, बॉलीलुड, बिजनेस समेत और भी कई क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को राम मंदिर उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया है. वहीं बीते दिन यानि 21 जनवरी से ही VIPs का आना जाना शुरू हो गया है. बीते दिन अयोध्या में कंगना रनौत, रणदीप हुड्डा, विवेक ऑबरोय, अनुपम खैर, सोनू निगम, कैलाश खौर, जैसे बड़े कलाकार अयोध्या पहुंचे वहीं आज तमाम और भी बड़ी हस्तियां अयोध्या के लिए रवाना हुई हैं.





