पूजा कराने का झांसा देकर उड़ाए 4.60 लाख, रतलाम पुलिस ने दबोचा

शहर की एक महिला से पूजा-पाठ कराने का झांसा देकर 4.60 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी करने का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। करीब सात माह से फरार चल रहे 36 वर्षीय आरोपी तरुण कोरी पिता रामगोपालसिंह कोरी निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को रतलाम पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी को गाजियाबाद से पकड़कर रतलाम लाया गया और जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2025 को रतलाम की 32 वर्षीय विधवा महिला ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि उसकी पहचान ऑनलाइन माध्यम से तरुण कुमार से हुई थी। तरुण ने खुद को ज्योतिषाचार्य बताकर उसे मानसिक परेशानी का समाधान करने के नाम पर पूजा-पाठ कराने की बात कही। भरोसा दिलाने के लिए उसने ज्योतिष कार्यों से जुड़े स्क्रीनशॉट भी भेजे और कहा कि वह उसके परिवार की समस्याओं का भी निवारण कर सकता है। महिला ने इस बात की जानकारी अपनी दोनों बहनों को भी दी।
इसके बाद तरुण ने पूजा-पाठ के नाम पर ऑनलाइन भुगतान करने के लिए क्यूआर कोड भेजा। 15 अगस्त 2024 से 6 सितंबर 2024 के बीच महिला ने पहली बार 13,200 रुपए भेजे। धीरे-धीरे आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर पैसे मंगाए और कुल 4 लाख 60 हजार रुपए ले लिए। जब उसने और पैसों की मांग शुरू कर दी, तो महिला को धोखाधड़ी की आशंका हुई और उसने पैसे भेजना बंद कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दी।
महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) व 3(5) के तहत केस दर्ज किया था और उसकी तलाश शुरू की गई। लंबे समय तक आरोपी का पता नहीं चल पाया। हाल ही में एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जांच तेज की गई। सायबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन गाजियाबाद में मिली। इस पर पुलिस टीम गाजियाबाद पहुंची और घेराबंदी कर तरुण को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, विवेचक एसआई हिमालसिंह डामोर, निरीक्षक अमित कोरी, आरक्षक नरेंद्र पावरा, कान्हा मेघवाल, तथा सायबर सेल के आरक्षक विपुल भावसार, राहुल पाटीदार और मोर सिंह डामोर शामिल थे।





