तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली में भगदड़, 39 लोगों की मौत, 95 घायल

तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान मची भगदड़ में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई और 95 लोग घायल हो गए। यह रैली तमिलगा वेत्त्री कळगम (TVK) पार्टी के अध्यक्ष और अभिनेता से नेता बने विजय द्वारा संबोधित की जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ. पी. सेंथिल कुमार ने बताया कि घायलों को तुरंत करूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 46 लोग निजी अस्पतालों में और 12 लोग सरकारी अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं।
हजारों की भीड़ विजय की रैली में उमड़ी थी, जिस कारण भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। इससे कई लोग गिर पड़े और कुछ की मौके पर ही मौत हो गई।
राज्य के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने घटना पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹10 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। घायलों को भी सहायता दी जाएगी, जिसकी राशि जल्द तय की जाएगी।
கரூரில் நடைபெற்ற துயர சம்பவத்தில் இறந்தவர்களின் குடும்பத்தினருக்கு மாண்புமிகு முதலமைச்சரின் நிவாரண நிதியிலிருந்து பத்து லட்சம் ரூபாய் வழங்கப்படும்
இந்த துயர சம்பவம் குறித்து விசாரணை மேற்கொள்ள ஓய்வு பெற்ற உயர்நீதிமன்ற நீதியரசர் திருமதி அருணா ஜெகதீசன் அவர்கள் தலைமையில் விசாரணை… pic.twitter.com/NTXWWLpuLr
— CMOTamilNadu (@CMOTamilnadu) September 27, 2025
मुख्यमंत्री स्टालिन ने मामले की जांच के लिए एक जांच आयोग गठित किया है, जिसकी अध्यक्षता मद्रास हाई कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस अरुणा जगदीशन करेंगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं करूर जाकर पीड़ित परिवारों से मिलेंगे और अस्पताल में घायलों का हालचाल लेंगे।
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री स्टालिन और राज्यपाल आर. एन. रवि से बात कर स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
The unfortunate incident during a political rally in Karur, Tamil Nadu, is deeply saddening. My thoughts are with the families who have lost their loved ones. Wishing strength to them in this difficult time. Praying for a swift recovery to all those injured.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 27, 2025
यह रैली अभिनेता विजय की राज्यव्यापी राजनीतिक यात्रा का हिस्सा थी, जो हाल ही में राजनीति में आए हैं और जिनकी रैलियों में बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।





