
काबुल/इस्लामाबाद | अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली आगामी त्रिकोणीय टी20 श्रृंखला से हटने का फैसला किया है. यह कदम पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में किए गए हवाई हमलों के बाद उठाया गया, जिनमें अफगान क्रिकेट टीम से जुड़े खिलाड़ियों की मौत हुई है.
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में तीन राष्ट्रीय खिलाड़ियों – कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून – की मौत की पुष्टि की है, जबकि सात अन्य के घायल होने की जानकारी दी है. हालांकि, अफगान मीडिया के मुताबिक, पाकिस्तानी हमलों में कुल आठ घरेलू और क्लब स्तर के खिलाड़ियों की जान गई है.
Statement of Condolence
The Afghanistan Cricket Board expresses its deepest sorrow and grief over the tragic martyrdom of the brave cricketers from Urgun District in Paktika Province, who were targeted this evening in a cowardly attack carried out by the Pakistani regime.
In… pic.twitter.com/YkenImtuVR
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) October 17, 2025
मैच के बाद मना रहे थे जीत का जश्न
जानकारी के अनुसार, सभी खिलाड़ी शराना इलाके में एक स्थानीय मैच खेलकर जीत का जश्न मनाने अर्गुन इलाके में एक इमारत में एकत्र हुए थे. इसी दौरान पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी इलाके पर हवाई हमला किया. हमले में पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में स्थानीय लोगों को मलबे से शव निकालते देखा जा सकता है. बताया जा रहा है कि मलबे से एक बच्चे का शव भी बरामद हुआ है.
10 दिनों से जारी पाकिस्तानी सेना का हमला अभियान
यह हमला पाकिस्तान की ओर से पिछले 10 दिनों से जारी हवाई हमलों की श्रृंखला का हिस्सा बताया जा रहा है. पाकिस्तानी सेना का कहना है कि ये अभियान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों पर किया जा रहा है.
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, बीते 10 दिनों में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई इलाकों — पक्तिका, कुनार, खोश्त, कंधार और हेमलैंड — में हमले किए हैं, जिनमें 37 नागरिकों की मौत और 425 से अधिक घायल हुए हैं.
वहीं, तालिबान सरकार का दावा है कि सिर्फ राजधानी काबुल में हुए हमलों में 5 लोगों की मौत हुई थी, जबकि हालिया पक्तिका हमले में 10 नागरिक मारे गए. कुल मिलाकर अब तक पाकिस्तानी हमलों में 52 नागरिकों की मौत और सैकड़ों घायल हो चुके हैं.
पाकिस्तान का दावा और विरोधाभास
पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उसके निशाने पर TTP के ठिकाने और उसका प्रमुख नूर वली महसूद हैं. लेकिन हाल ही में 16 अक्टूबर को सामने आई तस्वीरों ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, महसूद अफगानिस्तान में नहीं बल्कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के तिराह घाटी में मौजूद है.
ACB का सख्त रुख
हमले में खिलाड़ियों की मौत के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसे “राष्ट्रीय अपमान और मानवीय त्रासदी” बताया है. ACB ने कहा कि इस स्थिति में पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह की क्रिकेट गतिविधि जारी रखना “संवेदनहीनता” होगी.
बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से भी अपील की है कि वह इस मुद्दे पर पाकिस्तान की जवाबदेही तय करे और खेल भावना की रक्षा के लिए कार्रवाई करे.





