अमेरिका में विदेशी भारी ट्रकों पर 25% टैरिफ, 1 नवंबर 2025 से लागू: डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि 1 नवंबर 2025 से अमेरिका में आयात होने वाले सभी मीडियम और हेवी-ड्यूटी ट्रकों पर 25% टैरिफ (शुल्क) लगाया जाएगा। यह ऐलान उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर किया।
ट्रंप ने कहा कि यह कदम अमेरिका के ट्रक उद्योग की रक्षा करने और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा, “1 नवंबर 2025 से, दुनिया के अन्य देशों से अमेरिका में आने वाले सभी मीडियम और भारी ट्रकों पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा।”
इससे पहले उन्होंने अक्टूबर से यह नियम लागू करने की बात कही थी, लेकिन अब इसे एक महीने आगे बढ़ा दिया गया है। ट्रंप ने कहा कि इस फैसले से अमेरिका की प्रमुख ट्रक कंपनियों जैसे पीटरबिल्ट (Peterbilt), केनवर्थ (Kenworth), फ्रेटलाइनर (Freightliner), और मैक ट्रक्स (Mack Trucks) को विदेशी कंपनियों से होने वाली ‘अनुचित प्रतिस्पर्धा’ से सुरक्षा मिलेगी।
उन्होंने कहा, “हमारे महान ट्रक निर्माता, जैसे पीटरबिल्ट, केनवर्थ, फ्रेटलाइनर और मैक ट्रक्स, अब बाहरी कंपनियों की दखलअंदाजी से बचे रहेंगे। हमें अपने ट्रक ड्राइवरों को मजबूत और आर्थिक रूप से सक्षम बनाए रखना जरूरी है, खासकर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए।” यह टैरिफ मीडियम और हेवी ट्रकों जैसे डिलीवरी ट्रक, कूड़ा उठाने वाले ट्रक, पब्लिक यूटिलिटी ट्रक, स्कूल बसें, ट्रांजिट और शटल बसें, और सेमी-ट्रक आदि पर लागू होगा।
अमेरिका में ट्रक निर्यात करने वाले प्रमुख देश मेक्सिको, कनाडा, जापान, जर्मनी और फिनलैंड हैं। इस टैरिफ से Stellantis जैसी कंपनियों पर असर पड़ सकता है, जो मैक्सिको में Ram ट्रक और वाणिज्यिक वैन बनाती है। हालांकि USMCA (United States-Mexico-Canada Agreement) के तहत, अगर किसी ट्रक का 64% से ज्यादा हिस्सा नॉर्थ अमेरिका में बना है, तो उस पर टैरिफ नहीं लगता।
कुछ उद्योग समूह जैसे Coalition for a Prosperous America ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे अमेरिकी उद्योग और श्रमिकों के लिए फायदेमंद बताया है। वहीं, US Chamber of Commerce जैसी संस्थाएं इस पर चिंता जता रही हैं और कह रही हैं कि इससे व्यापार और अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।





