2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए जापान की आधिकारिक यात्रा करेंगे राजनाथ सिंह और एस जयशंकर
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार से शुरू होने वाली दूसरी भारत-जापान 2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए जापान की आधिकारिक यात्रा करेंगे.
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यात्रा के दौरान दोनों मंत्री अपने समकक्षों के साथ रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक और विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता भी करेंगे.
राजनाथ सिंह अपने जापानी समकक्ष यासुकाजू हमदा से मुलाकात करेंगे, जबकि जयशंकर यात्रा के दौरान (7-10 सितंबर) जापानी विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी से मुलाकात करेंगे.
भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित है. यात्रा के दौरान, भारत और जापान साझेदारी को मजबूत करने के लिए नई पहल की तलाश करेंगे.
भारत-जापान 2+2 दोनों देशों के बीच इस तरह की दूसरी बैठक होगी क्योंकि भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय वार्ता (2+2) की उद्घाटन बैठक 30 नवंबर, 2019 को नई दिल्ली में हुई थी.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जापान के तत्कालीन विदेश मंत्री मोतेगी तोशिमित्सु और जापान के तत्कालीन रक्षा मंत्री कोनो तारो से 30 नवंबर, 2019 को पहली भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा के लिए नई दिल्ली में मुलाकात की.





