भारत

छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिले में पुलिस और नक्सली मुठभेड़ में 22 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई. जहां बीजापुर में 18 और कांकेर में 4 नक्सलियों को सुरक्षा बलों के जवानों ने ढेर कर दिया.

बीजापुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 20 नक्सली मारे गए हैं. इनमें से 18 नक्सलियों के शव और इलाके से भारी मात्रा में सामान ,हथियार भी बरामद किए हैं. एसपी जितेंद्र यादव ने नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है.

 

एडीजी नक्सल विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 20 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी का एक जवान शहीद हो गया. बताया जा रहा है कि शहीद जवान का नाम राजू ओयामी है. फिलहाल, क्षेत्र में मुठभेड़ और सर्चिंग जारी है.

 

छत्तीसगढ़ में 22 नक्सलियों के मारे जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “नक्सलमुक्त भारत अभियान की दिशा में आज हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन्स में 22 नक्सली मारे गए. मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है. अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है.”

दरअसल बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पूरे बस्तर संभाग के अलग-अलग इलाकों में नक्सलियों को घेरने के लिए पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान निकले हुए हैं. गुरुवार को बीजापुर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, कांकेर जिले और बॉर्डर के इलाकों में नक्सलियों को घेरने के लिए सुरक्षा बलों के जवान निकले हैं. संभाग के दो अलग-अलग जिलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ चल रही है. इस गोलीबारी में अब तक 22 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button