भारतविदेश

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत लौटे 2.6 लाख यात्री, फ्लाइट सेवाएं धीरे-धीरे हो रहीं सामान्य

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हवाई यात्रा में आई बाधाओं के बीच भारत सरकार ने बड़ा अपडेट दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, 28 फरवरी से अब तक करीब 2.6 लाख यात्री इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (गल्प) असीम आर. महाजन ने बताया कि कई जगहों पर एयरस्पेस बंद होने और संचालन में दिक्कतों के बावजूद फ्लाइट सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और भारत के बीच सीमित संख्या में फ्लाइट्स चल रही हैं, जो सुरक्षा और स्थिति के हिसाब से संचालित की जा रही हैं। 18 मार्च को UAE से भारत के लिए करीब 70 उड़ानें चलने की उम्मीद थी और आने वाले दिनों में इनकी संख्या बढ़ सकती है।

ओमान और सऊदी अरब से भी भारत के लिए फ्लाइट्स जारी हैं। वहीं, कतर का एयरस्पेस आंशिक रूप से खुला हुआ है, जहां से कतर एयरवेज सीमित संख्या में फ्लाइट्स चला रही है।

हालांकि, कुवैत, बहरीन और इराक में एयरस्पेस पर अब भी पाबंदियां बनी हुई हैं। ऐसे में फंसे हुए भारतीयों और इमरजेंसी मामलों को सऊदी अरब के रास्ते भारत लाया जा रहा है। इसके लिए जज़ीरा एयरवेज और गल्फ एयर जैसी एयरलाइंस की मदद ली जा रही है।

SAFESEA VISHNU घटना पर अपडेट

महाजन ने SAFESEA VISHNU जहाज से जुड़े मामले पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बचाए गए 15 भारतीय क्रू मेंबर इराक से निकल चुके हैं और जल्द ही भारत पहुंचेंगे। साथ ही, इस घटना में जिन भारतीय की मौत हुई थी, उनके शव को जल्द भारत लाने के लिए भारतीय अधिकारी इराक सरकार के साथ संपर्क में हैं।

सरकार की नजर बनी हुई है

विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह लगातार क्षेत्र के देशों और एयरलाइंस के संपर्क में है, ताकि मौजूदा हालात में भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button