गुजरात पुल हादसे में अब तक 15 की मौत, तीन लोग अब भी लापता; बचाव कार्य जारी

गुजरात के वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ने वाला गंभीरा पुल बुधवार को अचानक टूट गया, जिससे एक बड़ा हादसा हो गया। पुल का करीब 10 से 15 मीटर लंबा हिस्सा ढह जाने से कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए। अब तक इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं।
वडोदरा के कलेक्टर अनिल धमेलिया ने गुरुवार को जानकारी दी कि अब तक महिसागर नदी से 15 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से दो शव गुरुवार को निकाले गए, जबकि 13 शव बुधवार को ही बरामद हो गए थे। उन्होंने बताया कि लापता तीन लोगों की तलाश के लिए NDRF और SDRF की टीमें नदी में करीब 4 किलोमीटर के दायरे में तलाशी अभियान चला रही हैं।
धमेलिया ने कहा कि नदी में भारी कीचड़ और लगातार बारिश के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं। कई वाहन अभी भी नदी में डूबे हुए हैं, जिनमें एक मिनी ट्रक और एक कार शामिल हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि इन वाहनों में कुछ और लोग भी फंसे हो सकते हैं। कीचड़ की मोटी परत की वजह से मशीनें भी ठीक से काम नहीं कर पा रही हैं, ऐसे में विशेष पुल का निर्माण कर राहत टीमों को नदी के बीच पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
इस हादसे में एक ही परिवार के कई लोगों की जान चली गई है। पादरा तालुका के मुजपुर गांव की रहने वाली सोनलबेन ने बताया कि वह अपने पति रमेश पढियार (38), बेटी वेदिका (4) और बेटे नैतिक (2) के साथ वैन में सवार थीं और भावनगर के बगदाना मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। पुल ढहने के वक्त वैन में कुल सात लोग सवार थे। सोनलबेन ने बताया कि वह वैन के पिछले हिस्से में बैठी थीं, इसलिए किसी तरह बाहर निकल आईं, लेकिन उनके पति और दोनों बच्चे पानी में डूब गए। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद वह एक घंटे तक मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन कोई नहीं आया।
गुजरात के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि गंभीरा पुल का निर्माण 1985 में हुआ था और इसका समय-समय पर रखरखाव किया जाता था। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जाएगी। हादसे की तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि पुल के दो खंभों के बीच का स्लैब अचानक ढह गया, जिससे उस पर चल रहे वाहन सीधे नदी में जा गिरे। पुल की कुल लंबाई लगभग 900 मीटर है और इसमें 23 खंभे हैं।
हादसे में छह वाहन—दो ट्रक, दो वैन, एक ऑटोरिक्शा और एक बाइक—महिसागर नदी में गिर गए। इनमें से एक बाइक पर सवार तीन लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। दो अन्य वाहनों को समय रहते पुल से खींचकर बचा लिया गया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि अगर कोई और व्यक्ति लापता है, तो वह नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें ताकि उसकी जानकारी जुटाई जा सके और राहत कार्य को और तेज किया जा सके।





