होली पर जापानी महिला से छेड़छाड़ के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

नई दिल्ली: होली समारोह के दौरान पुरुषों के एक समूह द्वारा जापानी महिला से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक किशोर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
https://twitter.com/iramsubramanian/status/1634045266591399937?s=20
पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय कुमार सेन ने बताया, “एक किशोर सहित तीन लोगों को पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ की गई है. उन्होंने इस घटना में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है. वे सभी पहाड़गंज के पास के इलाके के निवासी हैं.”
पुलिस द्वारा स्वत: संज्ञान लेने के बाद इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया.
हालांकि पुलिस का कहना है कि पीड़ित लड़की ने अभी तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है और वह कल बांग्लादेश के लिए रवाना हो गई. पुलिस की ओर दिए एक बयान में कहा है कि लड़की ने ट्वीट किया है कि वह बांग्लादेश पहुंच गई है और मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ है. वहीं, घटना की वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से लोगों में काफी आक्रोश देखा गया है और आरोपी लड़कों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की जा रही है.





