ताज़ा खबरें

हाथरस: सत्संग में मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 121, जबकि 28 घायल, मुख्य सेवादार पर दर्ज हुआ केस

हाथरस: सत्संग में मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 121, जबकि 28 घायल, मुख्य सेवादार पर दर्ज हुआ केस

 

उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद से एक बड़े हादसे की खबर सामने आयी है। यहाँ एक धार्मिक कार्यक्रम में भगदड़ से कई लोगों की मौत हो गयी। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा दिए गए ताजा अपडेट के अनुसार, हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 121 हो गई और 28 घायल हैं।

इस घटना को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 105, 110, 126(2), 223 और 238 के तहत ‘मुख्य सेवादार’ कहे जाने वाले देवप्रकाश मधुकर और उस धार्मिक कार्यक्रम के अन्य आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है जहां भगदड़ हुई थी।

वहीं इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है… जनपद हाथरस के सिकंदराराऊ में ये पूरा हादसा घटित हुआ है। स्थानीय आयोजकों द्वारा वहां पर भोले बाबा के सत्संग का आयोजन स्थानीय गांवों में किया जाते रहे हैं। स्थानीय भक्तगण उन कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं… जब सत्संग के प्रवचनकर्ता मंच से उतर रहे थे तो अचानक भक्तों की भीड़ उन्हें छूने के लिए वहां जा रही थी और सेवादारों के द्वारा रोकने पर ये हादसा वहां पर घटित हुआ। इस पूरे मामले की जांच के लिए हमने एडिशनल DG आगरा की अध्यक्षता में मंडलायुक्त अलीगढ़ को शामिल करते हुए एक टीम बनाकर उन्हें अविलंब रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के लिए कहा है… प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने भी इस घटना पर अपना गहरा दुख व्यक्त करते हुए, शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है… मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की और गंभीर रूप से घायल नागरिकों के लिए भी 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है… राज्य सरकार इस पूरी घटना की तह में जाएगी… ”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक सत्संग समारोह के दौरान भगदड मचने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत पर दुख जताते हुए पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. प्रधानमंत्री ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा के जवाब के दौरान कहा, “चर्चा के बीच मुझे अभी एक दुखद खबर दी गई है. उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक कार्यक्रम में भगदड़ मचने से कई लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना आ रही है. मैं मृतकों के प्रति अपनी संवेदना (शोक) व्यक्त करता हूं. मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं.”

इस दुखद घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्वीट कर शोक व्यक्त किया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने ट्वीट किया, “यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में मरने वालों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है. उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार और घटनास्थल पर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं.”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button