वाराणसी से खजुराहो के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस हुई रवाना, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी

वाराणसी रेलवे स्टेशन से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार को औपचारिक रूप से रवाना की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को यात्रा के लिए रवाना किया। इस मौके पर स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह था, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर 8 के उस पार लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को बेताब नजर आए।
उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि काशी-खजुराहो वंदे भारत के साथ-साथ आज फिरोजपुर-दिल्ली, लखनऊ-सहारनपुर और एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि अब देश में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की नींव रख रही हैं। उन्होंने इसे केवल रेल परियोजनाएं नहीं, बल्कि भारतीय रेलवे के व्यापक रूपांतरण का राष्ट्रीय अभियान बताया।
पीएम मोदी ने वंदे भारत ट्रेन को “भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनी ट्रेन” बताते हुए कहा कि इस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भारत जिस तेज़ी से ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, ये ट्रेनें उस दिशा में एक मील का पत्थर साबित होंगी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा का संगम ही भारत की असली पहचान है, और वंदे भारत जैसी नई रेल सेवाएँ उसी भावना की प्रतीक हैं।





