राजस्थान: राहुल गांधी ने युवाओं को दी पांच गारंटी, 30 लाख नौकरियों के साथ किए यह बड़े वादे

राजस्थान: राहुल गांधी ने युवाओं को दी पांच गारंटी, 30 लाख नौकरियों के साथ किए यह बड़े वादे
लोकसभा चुनाव सर पर हैं कुछ ही दिनों में सांसदों के चुनाव शुरू हो जाएंगे। ऐसे में पक्ष हो या विपक्ष हो दोनों ही अपनी-अपनी तैयारियों में जुट चुका है। दोनों ही पक्ष जनता में अपनी पैठ बनाने के लिए ताबड़ तोड़ रैलियां व जनसभा कर अपने-अपने वादे व गारंटियां जनता से कर रहे हैं। इस बीच आज कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी ने भी राजस्थान के बांसवाड़ा में आयोजित भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान युवाओं से बड़े वादे कर दिए हैं।
उन्होंने आज यानी गुरुवार को बताया कि यदि 2024 में उनकी सरकार बनी तो कांग्रेस पार्टी भारत के युवाओं के लिए क्या-क्या करेगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहला कदम, हिंदुस्तान में 30 लाख सरकारी वैकेंसी है। पीएम मोदी इन्हें भरवाते नहीं हैं। सरकार में आने के बाद हमारा पहला काम इन्हीं तीस लाख रिक्त पदों पर भर्ती करवाना होगा।
#WATCH बांसवाड़ा, राजस्थान: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “हम मनरेगा लाए थे जिससे लाखों लोगों को फायदा हुआ, हमने रोजगार का अधिकार दिया था। वैसे ही हम भारत के सभी युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देने जा रहे हैं। ये हर ग्रेजुएट और डिप्लोमा होल्डर को मिलेगा….कॉलेज के तुरंत… pic.twitter.com/qv2WdFj077
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 7, 2024
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि दूसरा काम, हमने मनरेगा का अधिकार दिया था। वैसे ही हम हिंदुस्तान के सब युवाओं को इंटर्नशिप का अधिकार देने जा रहे हैं। यह अधिकार हर ग्रेजुएट युवा को मिलेगा। कॉलेज डिप्लोमा के बाद एक साल के लिए हर ग्रेजुएट को सरकारी ऑफिस में और प्राइवेट कंपनी में एक साल के इंटर्नशिप दी जाएगी और एक लाख रुपये यानि ₹8,500 प्रति माह दिया जाएगा। कॉलेज के अगले दिन अप्रेंटिसशिप का अधिकार मनरेगा के अधिकार की तरह होगा।
कांग्रेस सार्वजनिक परीक्षाओं में किसी भी तरह की सांठगांठ या षड्यंत्र को रोकने के लिए और ईमानदारी एवं निष्पक्षता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के लिए नए कानूनों की गारंटी देती है। हम नए कानून लाकर पेपर लीक को पूरी तरह से रोकेंगे, जिससे मौजूदा समय में करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस गिग इकॉनमी में हर साल रोजगार ढूंढने वाले लाखों युवाओं के लिए बेहतर वर्किंग कंडिशन (कामकाजी स्थिति) और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानून लाने की गारंटी देती है।
उन्होंने कहा कि पांच साल की अवधि के लिए देश के सभी जिलों में आवंटन की सुविधा के साथ कांग्रेस 5,000 करोड़ रुपये का एक कोष बनाएगी। 40 साल से कम उम्र के युवा किसी भी क्षेत्र में अपने बिजनेस के लिए स्टार्ट-अप फंडिंग का लाभ उठा सकते हैं।





