IND W vs SL W : महिला एशिया कप 2024 का फाइनल आज, भारत और श्रीलंका की टीमें होंगी आमने-सामने

IND W vs SL W : महिला एशिया कप 2024 का फाइनल आज, भारत और श्रीलंका की टीमें होंगी आमने-सामने
महिला एशिया कप 2024 का फाइनल मैच आज भारत बनाम श्रीलंका की टीमों के बीच खेला जाएगा। दोनों के बीच यह मुकाबला दांबुला के रंगिरी दांबुला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत दोपहर में 3 बजे (भारतीय टाइमिंग) से होगी। बता दें कि खिताबी मुकाबले में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को और श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराया था। भारतीय महिला टीम इस टूर्नामेंट में अपना दबदबा बरकरार रखकर श्रीलंका के खिलाफ रविवार को होने वाले फाइनल में जीत दर्ज करके रिकॉर्ड आठवां खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
गौरतलब है कि टूर्नामेंट में भारत एक भी मैच नहीं हारा है। उसने लीग चरण में पाकिस्तान को सात विकेट से, संयुक्त अरब अमीरात को 78 रन से और नेपाल को 82 रन से हराया था। सेमीफाइनल में उसने बांग्लादेश को 10 विकेट से पराजित किया था। भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अभी तक बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को कोई मौका नहीं दिया।
कहां देखें लाइव?
महिला एशिया कप में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले फाइनल को भारतीय यूजर्स इस मैच को डिज्नी+हॉटस्टार स्ट्रीमिंग ऐप और वेबसाइट पर ऑनलाइन भी देख सकते हैं। फैंस हॉटस्टार एप्लिकेशन (केवल मोबाइल यूजर्स के लिए) पर महिला एशिया कप 2024 फाइनल मैच की मुफ्त स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।
दोनों टीमों का स्क्वाड:
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, उमा छेत्री, पूजा वस्त्रकार, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, सजीवन।
श्रीलंका : अटापट्टू (कप्तान), अनुष्का संजीवनी, हर्षिता समरविक्रमा, हासिनी परेरा, अमा कंचना, उदेशिका प्रबोदानी, विशमी गुणरथने, काव्या कविंदी, इनोशी प्रियदर्शनी, सुगंधिका कुमारी, अचिनी कुलसूर्या, कवीशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, सचिनी निसानसाला, शशिनी गिंहानी।





