महाराष्ट्र और झारखंड में कल यानी 20 नवंबर को होगा मतदान, थमा चुनाव प्रचार

महाराष्ट्र और झारखंड में कल यानी 20 नवंबर को होगा मतदान, थमा चुनाव प्रचार
महाराष्ट्र और झारखंड में अब विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार थम चुका है। दोनों राज्यों में कल यानी 20 नवंबर को वोटिंग होनी है। महाराष्ट्र में एक ही चरण में सभी सीटों पर मतदान होगा। वहीं, झारखंड में मतदान का यह दूसरा चरण है। 13 नवंबर को पहले फेज की वोटिंग हुई थी। वहीं दोनों राज्यों की सभी सीटों के लिए मतों की गणना 23 नवंबर को होगी। दोनों राज्यों में सभी दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंकी है। अब देखना होगा कि जनादेश किसके पक्ष में आता है।
महाराष्ट्र के 288 सीटों पर होगा चुनाव
महाराष्ट्र में 288 सीटों पर होने जा रहे चुनावों में बीजेपी को 140 से 142 सीटें गठबंधन के साथ भारतीय जनता पार्टी के खाते में जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना 80 सीटों पर और अजित पवार गुट की एनसीपी 52 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं। बाकी बची हुई सीटें गठबंधन में शामिल सहयोगी दलों को दी गई है। महाराष्ट्र के चुनाव में इस बार कुल 4 हजार 136 उम्मीदवार मैदान में हैं।
झारखण्ड में दूसरे चरण की होगी वोटिंग
दूसरी ओर से झारखंड में भी सियासी लड़ाई काफी दिलचस्प हो गई है। प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने जनसभा की। राज्य में दूसरे चरण के लिए 38 सीटों पर 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में जरमुंडी, महगामा, पोड़ैयाहाट सहित 17 सीटों पर बीजेपी और झामुमो के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। इनमें से अधिकतर सीटें आदिवासी क्षेत्र की हैं। दूसरे चरण के चुनाव में सोरेनपरिवार, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और दो पूर्व डिप्टी सीएम समेत कई बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर लगी है। इस दौर में कुल 528 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।





